राष्ट्रीय
11-Mar-2026


चंडीगढ़,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर पंजाब सरकार भी दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर टैक्स लगाने पर विचार करेगी। यह आश्वासन वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा के सवाल के जवाब में दिया है। हालांकि इसके पहले उन्होंने कहा कि वन नेशन वन टैक्स के चलते अब कोई भी राज्य किसी पर टैक्स नहीं लग सकता, लेकिन हिमाचल प्रदेश की स्थिति बैंक कृप्सी के नजदीक पहुंच गई है। उन्होंने अपने कर्मचारियों के डीए फ्रीज कर दिए हैं। कई सामाजिक सुरक्षा की योजनाएं बंद की गई है इसलिए उन्होंने यहां टैक्स लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि हिमाचल सहित कई पहाड़ी राज्यों को कुछ विशेष अधिकार भी मिले हुए हैं जिनके तहत वह टैक्स लगा सकते हैं। इस पर विधायक चड्ढा ने कहा कि हिमाचल सरकार ने अपने विधानसभा में एक बिल पारित करके अपने तौर पर यह टैक्स लगाया है। ऐसा पंजाब भी कर सकता है। स्पीकर ने भी चड्ढा का समर्थन कर कहा कि एक गांव में भी लोग अपना टैक्स लगा सकते हैं। जिसका जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि वह लोक निर्माण विभाग, स्थानीय निकाय विभाग और एडवोकेट जनरल के साथ बैठक करके हिमाचल की तर्ज पर पंजाब में दूसरे राज्यों पर से आने वाले वाहनों पर टैक्स लगाने पर विचार कर सकते हैं। आशीष दुबे / 11 मार्च 2026