राजद नेता और प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बोला हमला पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राजद नेता और प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा निकालने से पहले मुख्यमंत्री नीतिश को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य की राजनीति में जनता के जनादेश और भावनाओं का लगातार अपमान हो रहा है। तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वह किस मजबूरी में मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने की बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ सरकार को जनादेश दिया था, उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान से देख और समझ रही है। आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि इस समय नीतिश दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पूरी तरह से “हाईजैक” कर लिया है और राज्य की राजनीति उसी दबाव में चल रही है। तिवारी के अनुसार, बिहार में जो राजनीतिक घटनाक्रम हो रहे हैं, वे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं और इससे जनता के जनादेश का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस उम्मीद के साथ सरकार बनाई थी, वह पूरी होती नहीं दिख रही है। लगातार बदलते राजनीतिक फैसलों से जनता के विश्वास को ठेस पहुंच रही है। तिवारी ने चेतावनी दी कि जनता के साथ विश्वासघात नहीं होना चाहिए और सरकार को अपने फैसलों के बारे में स्पष्टता देनी चाहिए। तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता के बीच जाकर अपनी स्थिति साफ करनी होगी। उनका कहना है कि राज्य की जनता अब जवाब चाहती है कि सरकार किस दिशा में जा रही है और भविष्य की राजनीतिक रणनीति क्या होगी। तिवारी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। विपक्ष लगातार सरकार के फैसलों और राजनीतिक परिस्थितियों पर सवाल उठा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। आशीष दुबे / 11 मार्च 2026