नई दिल्ली (ईएमएस)। मार्च में ही मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा, सबसे ज्यादा बाढ़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज गर्मी के साथ-साथ 2 जिलों में हीटवेव और 19 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही तेज गर्मी होने लगी है। ग्वालियर-चंबल में तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च के बाद गर्मी और बढ़ेगी। मंगलवार को धार में पारा सबसे ज्यादा 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बाकी शहरों में 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा, लेकिन आज सुबह लखनऊ, कानपुर सहित 15 शहरों में धुंध छाई। इसके कारण शाहजहांपुर में बस-कार की टक्कर में 4 लोगों की मौत हुई। उन्नाव में भी 4 वाहनों की टक्कर में 10 लोग घायल हुए। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट है। उत्तराखंड के देहरादून में दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार असामान्य गर्मी के पीछे कई कारण हैं। फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ कम रहे। इस कारण बादल-बारिश कम हुई। सूर्य की गर्मी सीधे जमीन तक पहुंचने से सतह तेजी से गर्म हो रही है। ला-नीना कमजोर हो रहा है। अगले 3 महीने एनसो न्यूट्रल की स्थिति रहेगी, यानी ला-नीना और अलनीनो दोनों हीद सक्रिय नहीं रहने वाले है। अमेरिकन मौसम एजेंसी के अनुसार, जून के शुरू में अलनीनो दस्तक दे सकता है। इसी दौरान देश में मानसून आता है। अलनीनो न सिर्फ मानसून बिगाड़ेगा, बल्कि गर्मी का दौर भी लंबा करेगा। ला-नीना में सामान्य, या फिर सामान्य से ज्यादा बारिश होती है। तापमान सामान्य से कम रहता है। अलनीनो में पारा चढ़ता है और बारिश कम होती है। 12 मार्च को हिमाचल और जम्मू-कश्मीर बारिश का अनुमान, पूर्वोत्तर में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश या बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। 13 मार्च को केरल और आंध्र प्रदेश (विशेषकर तटीय क्षेत्रों) में मुख्यतः शुष्क मौसम रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। आशीष दुबे / 11 मार्च 2026