:: ऊंट-घोड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकला मंगल जुलूस, भस्म रमय्या ग्रुप की प्रस्तुतियों ने बांधा समां :: इंदौर (ईएमएस)। एयरपोर्ट रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर, अंजनि नगर में बुधवार को भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। आचार्य श्री विशुद्धसागर महाराज के शिष्य और ओजस्वी संत मुनिश्री आदित्य सागर महाराज ससंघ (मुनि अप्रमित सागर जी, मुनि सहज सागर जी एवं क्षुल्लक श्रेयस सागर जी) की भव्य मंगल अगवानी पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। मुनिश्री के स्वागत में आयोजित इस चल समारोह में ऊंट, घोड़े और बैंड-बाजों के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध भस्म रमय्या ग्रुप के कलाकारों ने अपनी विशेष प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में जगह-जगह समाज जनों ने मुनिश्री के पद प्रक्षालन किए और पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुषों ने मंगल आरती उतारकर गुरुवर का स्वागत किया। इस दौरान मुनिश्री ने अपनी मधुर मुस्कान के साथ कहा कि अंजनि नगर उनका ननिहाल है, इसलिए इंदौर प्रवास के दौरान यहीं से संघ की अगवानी की परंपरा रही है। :: चातुर्मास की विनयांजलि :: प्रचार मंत्री नितिन पाटोदी और रिषभ पाटनी ने बताया कि इस पावन अवसर पर दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर और सामाजिक संसद के पदाधिकारियों ने मुनिश्री को वर्ष 2026 के चातुर्मास हेतु श्रीफल भेंट कर अंजनि नगर पधारने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया। मुनिश्री ने संकेत दिया कि चातुर्मास का निर्णय गुरुजनों के आदेशानुसार लिया जाएगा। :: समाज के दिग्गजों की उपस्थिति :: कार्यक्रम में सामाजिक संसद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, महामंत्री देवेंद्र सोगानी, सचिव संजय मोदी और कोषाध्यक्ष अशोक टोंग्या सहित ट्रस्टी दिलीप लुहाड़िया, चंद्र कुमार गोधा और राजेश काला विशेष रूप से उपस्थित रहे। युवा मंडल और महिला मंडल के सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में राजेश गोधा ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/11 मार्च 2026