:: युवा चेतना मंडल की पहली बड़ी पहल, महाकाल मैरिज गार्डन में जुटेगा समाज; सामाजिक बदलाव की ओर बढ़ते कदम :: इंदौर (ईएमएस)। राजपूत समाज में सकारात्मक बदलाव और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजपूत समाज युवा चेतना मंडल द्वारा आगामी 22 मार्च को शहर में एक विशेष पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। समाज की युवा इकाई द्वारा पहली बार इस तरह के भव्य और सार्थक आयोजन की पहल की गई है, जिसे लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है। आयोजन समिति के मनोहर सिंह और सुनील सिकरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परिचय सम्मेलन सुबह 11 बजे से कनाड़िया रोड स्थित महाकाल मैरिज गार्डन में प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन के लिए संगठन के समर्पित और सक्रिय सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि समय की कमी के चलते पूर्व में औपचारिक बैठक संभव नहीं हो पाई है, अतः आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक रणनीतियां और विस्तृत जानकारियां कार्यक्रम स्थल पर ही उपस्थित सदस्यों के साथ साझा की जाएंगी। :: भोजन प्रसादी की व्यवस्था :: सम्मेलन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए आगंतुकों और समाजबंधुओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर ही विशेष भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। राजपूत समाज युवा चेतना मंडल ने समस्त स्वजातीय बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर युवाओं के इस प्रथम प्रयास को सफल बनाएं और समाज के उज्ज्वल भविष्य में सहभागी बनें। प्रकाश/11 मार्च 2026