देहरादून (ईएमएस)। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ ग्राम ककाड़ी के बहुउद्देशीय भवन में हुआ। यह शिविर आज से 17 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में जन-जागरूकता का कार्य करेंगे। इस दौरान उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी वरुण प्रसाद सेमवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय सेवायोजना की स्थापना, उद्देश्य और इसके मूल मंत्र मैं नहीं, अपितु आप के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास किया जाता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत ककाड़ी के प्रधान सुंदर सिंह बिष्ट ने स्वयंसेवियों को स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने शिविर में भाग ले रहे विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर कई विद्यार्थियों ने सक्रिय मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 मार्च 2026