इन्दौर (ईएमएस) एक नशेड़ी युवक के खिलाफ छात्रा ने छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। नशेड़ी युवक पीड़िता छात्रा की बड़ी बहन का दोस्त है। कल रात वह शराब के नशे में उनके कमरे पर पहुंचा और अश्लील हरकतें करने लगा था। मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा की शिकायत पर मोहित चौहान निवासी स्वास्थ्य नगर के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही है। मोहित उसकी बड़ी बहन का दोस्त है। सोमवार रात मोहित उनके कमरे पर पहुंचा, उस समय उसका छोटा भाई भी वहां मौजूद था। वह बिस्तर पर बैठी थी, तभी मोहित उसके पास आकर बैठ गया और गलत तरीके से उसे छूने लगा। विरोध करने पर मोहित ने उसे अपशब्द कहे। इस दौरान उसकी बड़ी बहन वहां पहुंची तो मोहित ने उसके साथ झूमाझटकी की और जबरन उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया। छात्रा ने अपने परिचित युवकों को बुलाया। वे आरोपी के स्वास्थ्य नगर स्थित कमरे पर पहुंचे, लेकिन मोहित वहां से फरार हो गया था। पुलिस को छात्रा की बड़ी बहन ने बताया कि मोहित ने उसके साथ भी मारपीट की और जबरन शादी करने का दबाव बनाया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी मोहित को हिरासत में ले कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 11 मार्च 2026