:: स्टंट करने वाला युवक और हथियार के साथ रील बनाने वाला बदमाश पुलिस की गिरफ्त में :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में सोशल मीडिया पर अपनी धौंस जमाने और सुर्खियां बटोरने के लिए किए गए स्टंट्स के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जूनी इंदौर और परदेशीपुरा पुलिस ने क्रमशः स्टंटबाजी करने वाले एक युवक और हथियार के साथ रील बनाने वाले एक बदमाश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कानूनी शिकंजा कसा है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक रैली के दौरान चलती कार की छत पर खड़ा होकर स्टंट करते हुए दिखाई दे रहा था। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान आयुष राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष इंदौर के सांसद समर्थक पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद जूनी इंदौर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और तत्काल प्रभाव से युवक की कार जब्त कर ली है। साथ ही, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर नोटिस जारी किया गया है। वहीं, परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए शुभम खटिक नामक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक रील वायरल की थी, जिसमें वह करीब डेढ़ फीट लंबा गंडासा (तेज धारदार हथियार) लहराते हुए खुद को अपराधी छवि के रूप में पेश कर रहा था। पुलिस ने इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इंदौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने या सोशल मीडिया के माध्यम से दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सड़क पर स्टंट करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जान के लिए भी जोखिम पैदा करता है। दोनों मामलों में पुलिस अब आगे की कानूनी कार्यवाही पूरी कर रही है। प्रकाश/11 मार्च 2026