मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में मानसिक प्रताड़ना के कारण एक महिला डॉक्टर के आत्महत्या करने की एक और चौंकाने वाली घटना हुई है। इस मामले में डॉक्टर के प्रेमी फजल मोहम्मद खान (31) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और सुसाइड नोट में कुछ बातों ने मामले की गंभीरता को बढ़ा दिया है। मालूम हो कि कुछ महीने पहले, डॉ. गौरी पालवे ने अपने पति की प्रताड़ना के कारण मुंबई में अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। अब मध्य मुंबई में रहने वाली महिला डॉक्टर ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। घटना से एक रात पहले, महिला डॉक्टर के माता-पिता रात के खाने के लिए बाहर गए थे। वे देर रात लौटे। सुबह दरवाजा खटखटाने के बाद भी उसने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। तब उनके पिता ने दरवाजा तोड़ा, उस समय महिला डॉक्टर का शव मिला। इसके बाद, माता-पिता ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। मुंबई पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, महिला डॉक्टर और फजल खान की जान-पहचान एक डेटिंग ऐप के ज़रिए हुई थी। उसके बाद दोनों पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, इस दौरान दोनों में अक्सर झगड़े होते थे और गुस्से में फजल महिला डॉक्टर को सीधे जान से मारने की धमकी देता था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर उसके बॉयफ्रेंड फजल मोहम्मद खान को लोअर परेल से गिरफ्तार कर लिया है। महिला डॉक्टर के सुसाइड करने के बाद पुलिस को मौके से छह पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने फजल खान द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का जिक्र किया है। पीड़िता ने इस प्रताड़ना के बारे में अपनी एक दोस्त को भी बताया था। पुलिस ने एफआईआर में दर्ज किया है कि फजल उसे बार-बार धमकी देता था कि तुम एक दिन फ्रिज में मिलोगी। इस बारे में जानकारी देते हुए एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शिवाजी पावड़े ने कहा, हमने महिला डॉक्टर के सुसाइड के मामले में अननैचुरल डेथ का केस दर्ज किया है। उसके घर से एक सुसाइड नोट मिला है, और बताया गया है कि उसके दोस्त फजल मोहम्मद खान (31) ने उसके चरित्र पर कुछ गंभीर सवाल उठाए थे। अब यह साफ है कि उसने मानसिक तनाव के कारण सुसाइड किया। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह अभी हिरासत में है। हम लड़की के परिवार से बातचीत कर रहे हैं। दोनों की मुलाकात 2024 में सोशल मीडिया पर एक डेटिंग ऐप पर हुई थी। बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, यह साफ है कि महिला डॉक्टर ने सुसाइड किया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपी से पूछताछ में कुछ और अहम जानकारी सामने आ सकती है। उधर पीड़ित महिला डॉक्टर के पिता ने मांग की है, महिला डॉक्टर हाल ही में लगातार मानसिक तनाव में थी। लेकिन उसने हमें कभी यह नहीं दिखाया। वह पढ़ाई में बहुत होशियार थी, उस रात वह पढ़ने के लिए अपने कमरे में गई और उसने यह कदम उठाया। अगर उसने हमें कुछ बताया होता, तो हम उससे इस आत्मघाती कदम से बाहर निकाल पाते। अब मैं पुलिस से आरोपी को कड़ी से कड़ी सज़ा देने की उम्मीद करता हूं। संजय/संतोष झा- ११ मार्च/२०२६/ईएमएस