-10 अतिरिक्त दांतों ने दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में लिखा नाम कुआलालंपुर,(ईएमएस)। मलेशिया के एक व्यक्ति ने अपने मुंह में सामान्य से ज्यादा दांत होने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। मलेशिया के एक युवक के मुंह में कुल 42 दांत पाए गए, जो सामान्य इंसानों की तुलना में 10 दांत ज्यादा हैं। इस अनोखी विशेषता के कारण उनका नाम गिनीज बुक रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। आमतौर पर एक वयस्क व्यक्ति के मुंह में 32 दांत होते हैं, लेकिन प्रथब मुनियांडी नामक युवक के मुंह में 42 पाए गए हैं। इस दुर्लभ स्थिति ने उन्हें दुनिया में सबसे अधिक दांतों वाले व्यक्ति के रूप में पहचान दिलाई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रथब मुनियांडी ने बताया कि उन्हें सबसे पहले इस असामान्य स्थिति का एहसास 2021 में हुआ। वह अपने परिवार के साथ चाय पी रहे थे, तभी उन्हें महसूस हुआ कि उनके मुंह में कुछ अतिरिक्त दांत उग रहे हैं। शुरुआत में उन्हें यह बात अजीब लगी, जिसके बाद उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों से इस बारे में बताया। जब परिवार वालों ने उनके दांत गिनने शुरू किए तो उनकी संख्या 38 निकली। इससे सभी हैरान रह गए। इसके बाद डॉक्टरों से जांच कराई गई और एक्स-रे कराया गया। एक्स-रे रिपोर्ट में पता चला कि उनके जबड़े में चार और दांत मौजूद हैं, जो आगे चलकर निकल सकते हैं। रिपोर्ट में डॉक्टरों के मुताबिक इस तरह की स्थिति को दंत चिकित्सा में “हाइपरडॉन्टिया” कहा जाता है, जिसमें सामान्य से ज्यादा दांत विकसित हो जाते हैं। यह स्थिति बेहद दुर्लभ मानी जाती है और बहुत कम लोगों में देखने को मिलती है। इस अनोखी स्थिति के कारण प्रथब मुनियांडी को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल गई है। उनके 42 दांतों ने उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दिला दी है और यह मामला दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है। सिराज/ईएमएस 12 मार्च 2026