- अभियान चलाकर हटवाए गए ठेले-गुमटी कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर के व्ययस्तम क्षेत्र में शामिल बुधवारी बाजार क्षेत्र के दोनों ओर वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारे का हिस्सा पहली बार अतिक्रमण मुक्त हुआ है। नगर निगम ने इसके लिए अभियान चलाकर ठेले-गुमटी हटवाए, जिससे लोगों को राहत मिली है। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में शहर में सौंदर्याकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। विशेष रूप से सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार होते हुए वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर होते महाराणा प्रताप चौक के हिस्से को संवारा जा रहा है, लेकिन बुधवारी बाजार के आसपास लंबे समय से अतिक्रमण बाधा साबित हो रहा था। इसके लिए पूर्व में फुटपाथ किनारे ग्रिल लगाकर सौंदर्याकरण के साथ ही अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके बाद बुधवारी बाजार के दोनों ओर वीआईपी रोड व घंटाघर रोड किनारे ठेले-गुमटी लगने लगे थे, बाजार अंदर दुकान आवंटन के बाद भी कई व्यापारी सड़क पर सामान सजा रहे थे। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी। नगर निगम ने इसके लिए बाजार के दोनों ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया। कार्य पूरा होने के बाद कुछ दिन पहले जहां फुटओवर ब्रिज की ओर के हिस्से से अतिक्रमण हटवाया गया तो वीआईपी रोड की ओर जाने वाले मोड़ के पास सड़क किनारे से ठेले-गुमटी हटवाते हुए अतिक्रमण मुक्त कराया। इससे पहले संकरा नजर आने वाले दोनों ओर की सड़क अब चौड़ी दिख रही है। यह पहली बार है, जो बुधवारी बाजार के बाहर दोनों ओर के हिस्से में दूसरे दिन भी ठेले-गुमटी नहीं लगे और क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हो गया है, नहीं तो पहले अतिक्रमण हटाने के चंद घंटे बाद ही फिर से ठेले-गुमटी लग जाते थे। नगर निगम की सख्ती से की गई कार्रवाई का असर दिखने से अब बुधवारी क्षेत्र में जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और संकरी होती सड़क की समस्या से लोगों को राहत मिलने लगी है। 12 मार्च / मित्तल