राष्ट्रीय
12-Mar-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी के पश्चिमी दिल्ली इलाके और पड़ोसी शहर नोएडा में पिछले 24 घंटों के भीतर आगजनी की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। मटियाला गांव में जहां भीषण आग ने सैकड़ों परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए, वहीं नोएडा की एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पश्चिमी दिल्ली के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट इलाके में बुधवार देर रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 400 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। दमकल विभाग को रात करीब 11:54 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल विभाग ने आग की गंभीरता को देखते हुए इसे मीडियम श्रेणी का घोषित किया। मौके पर नौ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर और कई विशेष वाहनों सहित भारी संख्या में दमकल कर्मी पहुंचे। डीसीएफओ ए.के. मलिक और डीओ संदीप दुग्गल के नेतृत्व में करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 2:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन झुग्गियों के साथ कई दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए।पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों के पास जमा कूड़े के ढेर में किसी ने जलती हुई सिगरेट या बीड़ी फेंक दी थी, जिससे निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। इसी बीच, पुलिस हेड कांस्टेबल रामरतन और स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग के बेहद करीब खड़ी एक कार का शीशा तोड़ा और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे एक बड़ा धमाका होने से टल गया। नोएडा की मीटर बनाने वाली कंपनी में आग दूसरी ओर, नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। इस कंपनी में बिजली के मीटर बनाने का काम होता है। सुबह अचानक उठी लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। इस हादसे में कुछ कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौतमबुद्धनगर के सीएफओ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल दोनों ही घटनाओं में आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/12मार्च2026 --------------------------------