राष्ट्रीय
12-Mar-2026
...


नोएडा(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-4 से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ गुरुवार सुबह एक बड़ी फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में लगी, जहाँ बिजली के मीटर बनाने का काम किया जाता है। हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर करीब 250 कर्मचारी मौजूद थे, जिसमें से करीब दो दर्जन लोग झुलस गए। जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और थाना फेस-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत राहत कार्य में जुट गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में दो दर्जन से ज्यादा लोग झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके को खाली करा लिया है ताकि जान-माल का अधिक नुकसान न हो। गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जब आग लगी, तब फैक्ट्री पूरी क्षमता के साथ चल रही थी। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को निकालने और आग पर काबू पाने की है। दमकल कर्मी भारी मशक्कत के बाद भी आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर स्थानीय पुलिस बल तैनात है और राहत कार्य जारी है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और फायर ऑडिट की व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/12मार्च2026 --------------------------------