नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर मामले में लापता नाबालिग को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन किया है। द्वारका पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी किशोर 5 मार्च से ऑब्जर्वेशन होम में है। पुलिस ने एआई-जनित भड़काऊ वीडियो और गलत पोस्ट हटाए हैं, और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी है। उत्तम नगर मामले में एक नाबालिग के लापता होने को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल रही अफवाहों का दिल्ली पुलिस ने खंडन किया है। द्वारका के उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में दो किशोरों को पकड़ा गया था। इनमें से एक किशोर को 5 मार्च को ही पकड़ लिया गया था और इंटरनेट मीडिया पर जो खबरें प्रसारित की जा रही हैं, वे उसी किशोर से संबंधित हैं। पकड़े गए किशोर को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया था। पुलिस का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर एआई से तैयार किए गए भड़काऊ वीडियो और गलत जानकारी वाले पोस्ट प्रसारित किए जा रहे थे, जिन्हें साइबर सेल की मदद से हटवाया गया है। साथ ही ऐसे पोस्ट फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि मामले में हत्या से संबंधित धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की सख्त धाराएं भी लागू की गई हैं। अब तक इस मामले में 14 वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि दो किशोरों को पकड़ा गया है।