राज्य
12-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है और कोई कमी नहीं है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अफवाहों की समीक्षा की गई। इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और तेल कंपनियों ने पर्याप्त भंडार की पुष्टि की। एलपीजी की किल्लत को लेकर चल रहीं अफवाहों के बीच दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके साथ ही सरकार ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें। बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिमी एशिया में उत्पन्न युद्ध की परिस्थितियों के कारण एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गत नौ मार्च को एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू (डोमेस्टिक) पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति, उसके उचित और समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है। साथ ही प्राथमिकताओं का पुनः निर्धारण करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 80 प्रतिशत तक निर्बाध गैस आपूर्ति को नियमित कर दिया गया है।