राज्य
12-Mar-2026


कल से नामांकन, 25 मार्च को होगा मतदान जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (रादुविवि) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी के लिए 25 मार्च को मतदान कराए जाएंगे। बुधवार को अजाक्स संघ के एक पदाधिकारी की आपत्ति के चलते चुनाव कार्यक्रम की टली घोषणा अंतत: गुरुवार को आपत्ति का निराकरण हो जाने के बाद हो गई। गुरुवार को निर्वाचन अधिकारी प्रो. राकेश बाजपेई द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत नामाकंन की प्रक्रिया आज शुक्रवार 13मार्च से 16 मार्च तक चलेगी। इसके बाद नामांकन फॉर्म जमा 17 मार्च की दोपहर 2 बजे तक किए जा सकेंगे और 18 मार्च को नाम वापसी के आवेदन दोपहर 3 बजे तक किए जा सकेंगे। इसी दिन प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। वहीं 25 मार्च को मतदान और उसी दिन मतगणना की जाएगी। गौरतलब हो कि 2 मार्च को संघ के पदाधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो गया था लेकिन संघ के अध्यक्ष रहे वीरेंद्र पटेल चुनाव प्रक्रिया में रोड़े अटका रहे थे। जिसके चलते वीरेंद्र पटेल को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश था, हालात ऐसे निर्मित हो गए थे कि कुलगुरु कार्यालय में कर्मचारी संघ दोनों गुटों के बीच तनातनी के हालात बन गए थे। अजय पाठक / मोनिका / 12 मार्च 2026/ 02.43