राज्य
12-Mar-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। इंस्टाग्राम पर परिचय के बाद शुरु हुआ बातचीत का सिलसिला घरु परेशानियों की चर्चा तक पहुंचा और इसके बाद घर और जीवन की सभी समस्याओं का समाधान जयपुर की एक गुरुमाता से कराने का झांसा देकर जबलपुर मदनमहल थाना क्षेत्र निवासी एक महिला से लगभग 2 लाख रुपए की रकम ठग ले गई| बाद में पीड़ित की शिकायत पर सायबर सेल ने प्रकरण की जांच के और वारदात की पुष्टि हो जाने के बाद मदनमहल थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी गई है| इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मदनमहल क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय यामिनी नागरिया ने पुलिस में की अपनी शिकायत में बताया कि 7 जनवरी की रात को उन्होंने इंस्टाग्राम पर रील देखी और इसी दौरान निशा दयाल नाम की एक महिला ने उनसे संपर्क किया और फिर उनके बीच बातचीत का सिलसिला शुरु हो गया| बाद में आरोपी महिला ने पीड़िता यामिनी को भरोसा दिलाया कि जयपुर की एक गुरुमाता उनके घर और जीवन की सभी समस्याओं का समाधान कर सकती है| पीड़िता के मुताबिक शुरुआत में इसके लिए पूजा पाठ के नाम पर 2 हजार रुपए मांगे गए और इसके बाद अलग अलग बहानो से लगातार पैसों की मांग की जाती रही| इस दौरान आरोपियों ने कई बार क्यूआर कोड भेजे और राशि का ऑनलाईन ट्रांजेक्शन कराया| इस तरफ 7 जनवरी से 12 फरवरी के बीच अलग अलग किस्तो में 1 लाख 97 हजार 390 रुपए की रकम हड़प ली गई| बाद में अपने ठगे जाने का एहसास होने पर पीड़िता यामिनी नागरिया ने मामलें की शिकायत सायबर सेल में उक्त प्रकरण की जांच करने के बाद शिकायत की पुष्टि हो जाने पर मदनमहल थाना पुलिस ने धारा 318 (4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है| अजय पाठक / मोनिका / 12 मार्च 2026/ 02.55