राज्य
12-Mar-2026


जबलपुर,  (ईएमएस)। कटंगी थाना अतंर्गत कैमोरी निवासी एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने  19 दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर आक्रोशित मृतिका के परिजनों और ग्रामवासियों ने गुरुवार को कटंगी पाटन मार्ग पर चकाजाम कर दिया| आक्रोशित लोगों के अनुसार पुलिस इस प्रकरण में शिकायत के बाद भी अब तक  कार्रवाई करने में नाकाम रही है| जब तक ठोस कार्रवाई आरोपियों के खिलाफ नहीं होती, तब तक रास्ता जाम जारी रहेगा| मृत नवविवाहिता के परिजनों का आरोप है कि पुलिस इतने दिन बीत जाने के बाद भी अबतक उसके ससुराल पक्ष के आरोपियों पर मेहरबान रही है| इधर दूसरी ओर नवविवाहित की मौत के पूर्व का एक वीडियो  सामने आया है जिसमें वह तड़पती दिख रही है और ससुराल पक्ष वीडियो बना रहा है, बाद में उसे पानी पिलाते भी दिखाया गया है| यह वीडियो मायके पक्ष को भेजा गया था| प्रकरण के  मुताबिक कैमोरी निवासी पूजा साहू का विवाह गत 6 फरवरी को जबलपुर लार्डगंज निवासी  नरेश साहू के पुत्र निखिल के साथ हुआ था| 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन महाकाल दर्शन को गई थी और  21 फरवरी को उसकी उज्जैन में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी| पूजा के मायके पक्ष के अनुसार उसके ससुराल वाले पूजा के  बीमार होने की बात कहकर वीडियो भेजते रहे और आरोपित है कि पैसों की मांग करते रहे, परंतु उसे  अस्पताल लेकर नहीं गए| परिजनों का यह भी आरोप था कि विवाह में ससुराल पक्ष द्वारा 10 लाख रुपए की मांग  दहेज में की गई थी, जिसमें से 4 लाख रुपए दिए गए थे और  बाकी 6 लाख रुपए के लिए  लगातार दबाव बनाया जाता रहा|  इस संबंध में मृतिका के मायके पक्ष ने पूजा की मौत के बाद ही पुलिस ने उसके पति निखिल, ससुर नरेश के साथ ही सास ज्योति साहू व ननद नम्रता के खिलाफ शिकायत की थी, परंतु 19 दिन बीत जाने के बाद भी इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है| आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर ही परिजनों और ग्रामीणों द्वारा कटंगी पाटन मार्ग पर तंबू तानकर रास्ता जाम किया है| पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालांकि आक्रोशितजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है, परंतु ग्रामीण जाम पर अडिग हैं| अजय पाठक / मोनिका / 12 मार्च 2026/ 02.55