बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर नारी शक्ति -राष्ट्र शक्ति विषय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति आचार्य अरुण दिवाकरनाथ वाजपेयी और कुलसचिव डॉ. तारणीश गौतम के स्वागत के साथ हुई। माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. श्रेया कश्यप उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डॉ. शालिनी शुक्ला, नेहा यादव, डॉ. रश्मि गुप्ता, पूजा पाण्डेय, रीवा कुलश्रेष्ठ और डॉ. सीमा बेलोरकर सहित कई शिक्षकों ने महिलाओं की भूमिका, अधिकारों और सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी के बिना समाज और राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। कुलसचिव डॉ. तारणीश गौतम ने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज की प्रगति सुनिश्चित होती है। वहीं कुलपति आचार्य वाजपेयी ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन स्वाति रोज टोपो ने किया और अंत में पल्लवी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन प्रेरणादायक संदेश के साथ संपन्न हुआ। मनोज राज 11 मार्च 2026