:: दफ्तर छोड़ फील्ड में उतरे 20 हजार कर्मचारी; सीईओ शाश्वत शर्मा बोले- ग्राहकों का अनुभव सुधारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता :: नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने आज कस्टमर डे 2026 मनाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन के भीतर ग्राहक सेवा की संस्कृति को और मजबूत करना और जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा। इस विशेष पहल के तहत एयरटेल के लगभग 20 हजार कर्मचारियों ने अपने वातानुकूलित कार्यालयों से बाहर निकलकर सीधे फील्ड में जाकर मोर्चा संभाला। इन कर्मचारियों में कंपनी की लीडरशिप टीम से लेकर विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शामिल थे, जिन्होंने फ्रंटलाइन टीमों और फील्ड इंजीनियरों के साथ मिलकर काम किया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने ग्राहकों के घरों और दुकानों का दौरा किया और रिटेल व सर्विस सेंटरों पर जाकर सीधे उपभोक्ताओं से फीडबैक लिया। इस पहल का मूल उद्देश्य ग्राहकों की समस्याओं को बिना किसी फिल्टर के सीधे समझना है, ताकि सेवाओं में क्रांतिकारी सुधार किया जा सके। एयरटेल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शाश्वत शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “कस्टमर डे हमें याद दिलाता है कि ग्राहकों की बात ध्यान से सुनना और खुद को लगातार बेहतर बनाना ही हमारी असली जिम्मेदारी है। यह अभियान सेवाओं को सरल बनाने और प्रतिदिन करोड़ों ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधाओं के स्तर को ऊंचा उठाने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।” गौरतलब है कि एयरटेल की कस्टमर फर्स्ट नीति के कारण ही हाल के वर्षों में स्पैम और धोखाधड़ी से सुरक्षा जैसे कई नवाचार संभव हुए हैं। कंपनी अब एआई सक्षम उपकरणों और डिजिटल प्रक्रियाओं को और सरल बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। एयरटेल के अनुसार, ग्राहकों के अनुभव में सुधार कोई एक दिन की घटना नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। कंपनी का लक्ष्य एक ऐसी कार्य संस्कृति विकसित करना है जहाँ कस्टमर ऑब्सेशन सिर्फ एक नारा न रहकर हर निर्णय का आधार बने। प्रकाश/12 मार्च 2025