नई दिल्ली (ईएमएस)। हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक कारों के तेजी से विस्तार के बावजूद भारत में डीजल एसयूवी की लोकप्रियता अब भी बरकरार है। इसी मांग को देखते हुए कई प्रमुख कंपनियां आने वाले समय में अपने नए डीजल मॉडल बाजार में उतारने की तैयारी कर रही हैं। इनमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा, हुंडई, स्कोडा और एमजी मोटरजैसी कंपनियां शामिल हैं। आने वाले समय में सबसे ज्यादा चर्चा महिंद्रा स्कारपियो-एन फेसलिफ्ट की हो रही है। इसमें 10.25 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पैनोरमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जबकि इसका 2.2 लीटर एमहॉक डीजल इंजन पहले की तरह दमदार परफॉर्मेंस देगा। इसके अलावा महिंद्रा स्कारपियो क्लासिकc का फेसलिफ्ट वर्जन भी अपडेटेड डिजाइन और 2.2 लीटर डीजल इंजन के साथ बाजार में आ सकता है। इसी तरह टायोटा हाइलक्स के नए मॉडल में 48 वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 2.8 लीटर डीजल इंजन मिलने की संभावना है, जो 204 पीएस की पावर और 500 एनएम टॉर्क देगा। वहीं नई टोयोटा फार्च्यूनर नए डिजाइन और माइल्ड-हाइब्रिड डीजल इंजन के साथ पेश की जा सकती है। इसके अलावा अगली पीढ़ी की हुंडई क्रेटा को 2027 में नए के3 प्लेटफॉर्म पर लाने की योजना है, जिसमें मौजूदा 1.5 लीटर डीजल इंजन के साथ हाइब्रिड विकल्प भी मिल सकता है। वहीं एमजी मजेस्टॉर भी 2.0 लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन के साथ लॉन्च हो सकती है, जो करीब 215 पीएस की पावर और 478 एनएम टॉर्क देने में सक्षम होगा। इन सभी मॉडलों के आने से भारतीय बाजार में डीजल एसयूवी सेगमेंट और ज्यादा मजबूत होने की उम्मीद है। महिंद्रा की ओर से विजन एस कॉन्सेप्ट पर आधारित नई एसयूवी और महिंद्रा स्कारपियो एन पिकअप जैसे मॉडल भी चर्चा में हैं। प्रीमियम सेगमेंट में स्कोडा कोडियाक डीजल इंजन के साथ भारत आ सकती है, जिसमें 2.0 लीटर टीडीआई इंजन और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलने की संभावना है। सुदामा/ईएमएस 13 मार्च 2026