व्यापार
13-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सेडान कार पसंद करने वालों के लिए हुंडई ने बड़ा तोहफा पेश किया है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय सेडान हुंडई वरना का 2026 फेसलिफ्ट मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 10.98 लाख रुपये रखी गई है। पुराने मॉडल की तुलना में नई कार की कीमत में करीब 18,000 रुपये से लेकर 1.1 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि कंपनी ने इंजन में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन डिजाइन और फीचर्स में कई नए अपडेट जोड़े गए हैं, जिससे यह कार पहले से ज्यादा प्रीमियम और आधुनिक नजर आती है। नई वरना फेसलिफ्ट के डिजाइन को और ज्यादा शार्प और स्पोर्टी बनाया गया है। इसमें नए एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स दिए गए हैं, जो पुराने मॉडल से अलग लुक देते हैं। कार की ग्रिल को बड़ा किया गया है और इसे डार्क क्रोम फिनिश दी गई है। इसके अलावा बंपर के किनारों पर नए फिन-टाइप एलिमेंट्स जोड़े गए हैं, जो कार को स्पोर्टी टच देते हैं। साइड प्रोफाइल में 16-इंच के नए डायमंड-कट अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ सिल्वर फिनिश और डिफ्यूजर स्टाइल वाला अपडेटेड बंपर दिया गया है। इंटीरियर में भी कई बदलाव किए गए हैं। कार में कंपनी का नया ‘4-डॉट’ स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जो पहले महंगी इलेक्ट्रिक कार हुंडई आयोनिक 5 में देखा गया था। इसके साथ 10.25 इंच की स्क्रीन बरकरार रखी गई है, लेकिन डिजिटल क्लस्टर के ग्राफिक्स को नया रूप दिया गया है। केबिन में दो तरह की थीम दी गई हैं सामान्य वेरिएंट्स के लिए ब्लैक-व्हाइट और टर्बो वेरिएंट्स के लिए स्पोर्टी ऑल-ब्लैक थीम। फीचर्स के मामले में भी कार को काफी अपग्रेड किया गया है। इसमें ‘बॉस मोड’ दिया गया है, जिससे पीछे बैठा यात्री आगे वाली सीट को एडजस्ट कर सकता है। इसके अलावा ड्राइवर सीट के लिए मेमोरी फंक्शन, पैसेंजर सीट के लिए पावर एडजस्टमेंट, 360 डिग्री कैमरा, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर और रेन सेंसिंग वाइपर्स जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से टॉप वेरिएंट में अब 6 की जगह 7 एयरबैग्स दिए गए हैं। सुदामा/ईएमएस 13 मार्च 2026