...तो फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से रंग देंगे... तेहरान(ईएमएस)। ईरान ने गुरुवार को वॉर्निंग दी है कि अगर अमेरिका और इजरायल ने खाड़ी में ईरान के किसी भी द्वीप पर हमला किया तो वो अपना सब्र खो देगा। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गलीबाफ ने अपने दुश्मनों को धमकाते हुए कहा है कि अगर ऐसी हिमाकत की गई तो ईरान फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से लाल कर देगा। गलीबाफ ईरान के बेहद शक्तिशाली व्यक्तित्व माने जाते हैं और उनकी यह धमकी युद्धग्रस्त मिडिल ईस्ट में हालात को और बिगाड़ सकती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, वतन या मौत! ईरान के द्वीपों की जमीन पर किसी भी तरह का हमला हुआ तो हमारी सब्र का बांध टूट जाएगा। हम अपना सब्र छोड़ देंगे और फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से लाल कर देंगे। उन्होंने अपने ट्वीट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टार्गेट करते हुए आगे लिखा कि अमेरिकी सैनिकों का खून डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। विनोद उपाध्याय / 12 मार्च, 2026