अंतर्राष्ट्रीय
12-Mar-2026


तेल अवीव (ईएमएस)। मध्य एशिया संकट के 13वें दिन इजरायल ने दावा किया कि उसकी वायुसेना ने ईरान के एक और न्यूक्लियर प्रोजेक्ट को निशाना बनाया है। आईडीएफ ने तालेघन साइट पर हमला किया है। एक्स प्लेटफॉर्म पर इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने एक पोस्ट के जरिए ये बड़ा दावा किया है। आईडीएफ ने बताया कि उसकी वायुसेना ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े एक महत्वपूर्ण ठिकाने पर स्ट्राइक किया है। यह हमला तेहरान के दक्षिण-पूर्व में स्थित पारचिन सैन्य परिसर के तालेघन साइट पर किया गया। आईडीएफ के मुताबिक लड़ाकू विमानों ने इस परिसर को निशाना बनाया, जिसे ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम की क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। दावा किया गया कि इस साइट को अक्टूबर 2024 में भी निशाना बनाया गया था और हाल ही में ईरान ने इसे फिर से सक्रिय करने की कोशिश की थी। तालेघन, तेहरान से करीब 30 किलोमीटर (19 मील) दक्षिण-पूर्व में है। ईरान पर एयर स्ट्राइक करने के बाद से ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते रहे हैं कि उनके युद्ध के मकसद में से एक ईरान को न्यूक्लियर हथियार बनाने से रोकना था। सुबोध/१२-०३-२०२६