राज्य
12-Mar-2026


मुख्यमंत्री ने गांधीनगर में वितरण किया; ऑटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ती मांग को देखते हुए आईटीआई को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने की पहल गांधीनगर (ईएमएस)| राज्य की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में मोटर मैकेनिक ट्रेड के 8,000 से अधिक युवा प्रशिक्षुओं को अब इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी नई तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा। इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर में श्रम कौशल विकास मंत्री कुंवरजी बावलिया की उपस्थिति में विभिन्न जिलों की आईटीआई के लिए लगभग 40 इलेक्ट्रिक कारों का वितरण किया। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग और इस क्षेत्र में पैदा हो रहे रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग के माध्यम से सरकारी आईटीआई को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने की पहल शुरू की है। ऑटोमोबाइल उद्योग में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के विस्तार के साथ बैटरी तकनीक, इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और एम्बेडेड सॉफ्टवेयर के विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑटोमोबाइल सेक्टर के सिलेबस के अनुरूप 40 इलेक्ट्रिक कारें आईटीआई को उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि प्रशिक्षु नवीनतम तकनीक की प्रायोगिक ट्रेनिंग प्राप्त कर सकें और इलेक्ट्रिक वाहन तथा उससे जुड़े व्यवसायों में आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने 40 ईवी कारों के साथ-साथ 50 धन्वंतरि आरोग्य रथ और 6 मोबाइल मेडिकल वैन का भी लोकार्पण किया। इन सेवाओं के माध्यम से निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। धन्वंतरि आरोग्य रथ में बुखार, दस्त, उल्टी, त्वचा रोग जैसे सामान्य रोगों के उपचार के साथ-साथ पेशाब, खून, ब्लड शुगर और मलेरिया जैसी जांच भी की जाती है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं तथा जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाएं दी जाती हैं। गुजरात भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा राज्य के सभी जिलों में पहले से 154 धन्वंतरि आरोग्य रथ और गुजरात श्रमयोगी कल्याण बोर्ड द्वारा 25 मोबाइल मेडिकल वैन संचालित की जा रही हैं। नए लोकार्पण के बाद अब राज्य के 34 जिलों में कुल 206 धन्वंतरि आरोग्य रथ और 31 मोबाइल मेडिकल वैन श्रमिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कार्यरत होंगी। सतीश/12 मार्च