राज्य
12-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) शहर एक बार फिर महिला शक्ति के सम्मान का साक्षी बनने जा रहा है। कलम की ताकत से समाज में बदलाव लाने वाली महिलाओं को सलाम करने के लिए इंदौर प्रेस क्लब एक भव्य समारोह आयोजित करने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होने वाला यह कार्यक्रम केवल एक सम्मान समारोह नहीं बल्कि उन महिलाओं के संघर्ष, साहस और उपलब्धियों का उत्सव है जिन्होंने पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अमिट पहचान बनाई है। जब महिलाएं कलम उठाती हैं तो शब्द सिर्फ खबर नहीं बनते, वे समाज की दिशा बदलने का साहस बन जाते हैं। इंदौर प्रेस क्लब एक बार फिर ऐसी ही प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित करने जा रहा है, जिन्होंने अपनी लेखनी, अपनी बेबाकी और अपने साहस से पत्रकारिता की दुनिया में नई मिसाल कायम की है। आज 13 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंदौर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इंदौर प्रेस क्लब प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर की उन महिलाओं को सम्मानित करता है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज 13 मार्च को एक भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड रहेगा। यह सम्मान उन महिलाओं को दिया जाएगा जिन्होंने दशकों तक अपनी लेखनी और बेबाक पत्रकारिता से पूरे देश में पहचान बनाई है। इस प्रतिष्ठित सम्मान से जयश्री पिंगले और मनीषा दुबे को सम्मानित किया जाएगा। इन दोनों नामों ने पत्रकारिता की दुनिया में न केवल अपनी अलग पहचान बनाई है बल्कि नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणा का स्तंभ भी बनकर उभरी हैं। महिला गौरव सम्मान - कार्यक्रम में शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पीढ़ी को दिशा देने वाली तीन महान हस्तियों को महिला गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इनमें डॉ. सोनाली सिंह, डॉ. जमना मिश्रा और डॉ. वंदना जोशी शामिल हैं। इन तीनों शिक्षाविदों ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है बल्कि कई युवा पत्रकारों और छात्रों को भी नई राह दिखाई है। इसके अलावा शहर की उन महिला पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपनी लेखन शैली और पत्रकारिता के माध्यम से समाज में अलग पहचान बनाई है। इसमें नीता सिसोदिया, रजनी भंडारी, करिश्मा कोतवाल, नाज पटेल, प्रियंका देशपांडे, नासिरा मंसूरी, सोदामनी मजूमदार, रूखसाना मिर्जा शामिल हैं। इन सभी पत्रकारों ने अपने साहसिक लेखन, जमीनी रिपोर्टिंग और निर्भीक पत्रकारिता से समाज के कई मुद्दों को उजागर किया है। कार्यक्रम में केवल वरिष्ठ पत्रकार ही नहीं बल्कि नई पीढ़ी की महिला पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 40 से अधिक महिला पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन महिलाओं को समर्पित होगा जिन्होंने खबरों के मैदान में चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पहचान बनाई है। आयोजन की जिम्मेदारी - इस पूरे कार्यक्रम की संयोजक प्रियंका पांडेय उपाध्यक्ष इंदौर प्रेस क्लब एवं पूनम शर्मा महिला कार्यकारिणी सदस्य हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम महासचिव प्रदीप जोशी ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी,सचिव अभिषेक चेंडके,कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी कार्यकारिणी मेंबर प्रमोद दीक्षित,अभय तिवारी,अंशुल मुकाती,मनीष मक्खर ,श्याम कामले,विजय भट्ट कर रहे हैं। वहीं कार्यक्रम के मार्गदर्शक के रूप में अरविंद तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सम्मान समारोह के बाद सभी महिला पत्रकारों और अतिथियों के लिए सामूहिक भोजन का भी आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिला शक्ति के योगदान को नमन करने का अवसर होगा। आनंद पुरोहित/ 12 मार्च 2026