इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार “समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इस वर्ष को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य पशुपालन और डेयरी उद्यमिता को तकनीक आधारित रोजगार सृजन के एक टिकाऊ मॉडल के रूप में विकसित करना है। इसी उद्देश्य के तहत 15 मार्च 2026 को इंदौर के दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय मैत्री कार्यकर्ता एवं गौ-सेवक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान नव-प्रशिक्षित मैत्री कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों और पशुपालकों को प्रेरित करेंगे। इस आयोजन में इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग के कुल 20 जिलों से लगभग 6000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी, मध्य प्रदेश डेयरी कोऑपरेटिव फेडरेशन और पशुपालन विभाग से जुड़े हितग्राही सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। यह सम्मेलन डेयरी को उद्यमिता से जोड़कर प्रदेश के कृषि और संबंधित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा। प्रकाश/12 मार्च 2025