:: अफवाहों पर ध्यान न दें उपभोक्ता, प्रशासन की आपूर्ति श्रृंखला पर पूरी नजर; जिला स्तर पर बनेंगे कंट्रोल रूम :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। पश्चिम-मध्य एशिया में जारी तनाव के बीच मध्य प्रदेश में रसोई गैस (LPG), पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर राज्य शासन ने बड़ी राहत दी है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश भर के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ ईंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस, पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह निर्बाध है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि एलपीजी वितरण की ऑनलाइन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। कंपनियों को सर्वर क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि रिफिल बुकिंग, ओटीपी जनरेशन और वितरण में उपभोक्ताओं को कोई असुविधा न हो। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे जिले में अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी को सख्ती से रोकें। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है। :: वैकल्पिक ईंधन और पीएनजी को बढ़ावा :: बैठक में होटल्स, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन संचालकों को रसोई गैस की जगह इलेक्ट्रिक भट्टी और इंडक्शन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने पीएनजी (पाइप लाइन गैस) कनेक्शन को प्राथमिकता देने और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। एसीएस खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रश्मि अरुण शमी ने बताया कि शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को वाणिज्यिक सिलेंडर उपयोग में छूट दी गई है। :: कंट्रोल रूम से होगी दैनिक मॉनिटरिंग :: आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखने के लिए राज्य के साथ-साथ अब हर जिले में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। इन कंट्रोल रूम में दक्ष अमले की तैनाती होगी और प्रतिदिन उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। डीजीपी कैलाश मकवाना ने पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं ताकि भ्रामक खबरें न फैलें। :: आमजन के लिए अपील :: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और पेट्रोलियम, सीएनजी व पीएनजी की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले में किए जा रहे सुरक्षात्मक उपायों और ईंधन प्रबंधन की जानकारी दी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अनावश्यक पैनिक न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। प्रकाश/12 मार्च 2025