राज्य
12-Mar-2026


:: सौर ऊर्जा अवधि (सुबह 9 से शाम 5 बजे) में खपत करने पर मिल रही 20 प्रतिशत की विशेष रियायत :: इंदौर (ईएमएस)। स्मार्ट मीटरों की सटीक गणना ने मालवा-निमाड़ क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बचत का नया रास्ता खोल दिया है। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्मार्ट मीटरों के माध्यम से टाइम ऑफ द डे छूट का लाभ बड़े स्तर पर उपभोक्ताओं तक पहुँच रहा है। पिछले एक माह (फरवरी बिलिंग माह) में क्षेत्र के करीब 13 लाख उपभोक्ताओं को 13 करोड़ रुपये से अधिक की छूट प्रदान की गई है। क्या है टीओडी छूट? प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शासन के आदेशानुसार, सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक (सौर ऊर्जा अवधि) बिजली खपत करने पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत की रियायत दी जाती है। स्मार्ट मीटर प्रत्येक घंटे की बिजली खपत की सटीक गणना करने में सक्षम हैं, जिससे उपभोक्ताओं को उनकी खपत के आधार पर यह छूट स्वतः ही प्राप्त हो रही है। इस तकनीक के उपयोग से औसतन प्रत्येक उपभोक्ता को प्रतिमाह 100 रुपये का सीधा फायदा हो रहा है। किस जिले में कितनी मिली राहत? वितरण कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, छूट का सर्वाधिक लाभ इंदौर शहर को मिला है: इंदौर शहर : 5.64 लाख उपभोक्ताओं को 6 करोड़ रुपये से अधिक की छूट। उज्जैन : 1.19 लाख उपभोक्ताओं को सवा करोड़ रुपये की राहत। रतलाम : 1.07 लाख उपभोक्ताओं को 97 लाख रुपये से अधिक की रियायत। अन्य जिले : देवास (71 हजार), खंडवा (59 हजार), इंदौर ग्रामीण (57 हजार) और बुरहानपुर (55.8 हजार) उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत मिली है। अन्य जिलों में 15 हजार से 48 हजार उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला है। :: पारदर्शी और लाइव बिलिंग :: स्मार्ट मीटर से न केवल त्रुटिरहित बिलिंग सुनिश्चित हो रही है, बल्कि उपभोक्ता ऊर्जस एप के माध्यम से अपने मीटर का डेटा लाइव देख सकते हैं। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को बिजली के उपयोग के प्रति जागरूक बनाने और सौर ऊर्जा अवधि में अधिकतम कार्य करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे न केवल उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम हो रहा है, बल्कि विद्युत कंपनी की कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता आई है। प्रकाश/12 मार्च 2025