:: पेट्रोल पंप पर 4 हजार का तेल डलवाया, फिर हाथ पकड़कर विंडो ऊपर चढ़ाई और खींचते हुए ले गया आरोपी; सनसनी :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के सांवेर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पेट्रोल पंप पर तैनात एक 22 वर्षीय कर्मचारी रोहित परमार की महज 4 हजार रुपये के पेट्रोल का भुगतान मांगने पर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी कार सवार ने कर्मचारी का हाथ पकड़कर गाड़ी की खिड़की ऊपर चढ़ा ली और उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया, जिससे कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे की है। आरोपी कार सवार ने पंप पर रुककर 4 हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया। जब कर्मचारी रोहित ने भुगतान के लिए पैसे मांगे, तो चालक ने पैसे देने से इनकार कर दिया और तेजी से कार आगे बढ़ा दी। एसडीओपी देवेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि जैसे ही रोहित ने अपना हाथ खिड़की के अंदर डालकर पैसे मांगे, चालक ने उसका हाथ पकड़ लिया और खिड़की का शीशा चढ़ा लिया। इसके बाद कार को तेज गति से दौड़ाते हुए उसे लंबी दूरी तक घसीटा, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। :: उज्जैन की ओर भागा आरोपी, तलाश जारी :: घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला है कि कार सवार वारदात के बाद उज्जैन की ओर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार फुटेज में कार तो दिख रही है, लेकिन उसका रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं है। चश्मदीदों के मुताबिक कार में 4 से 5 लोग सवार थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। :: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर लोग आक्रोशित :: इस वीभत्स घटना के बाद स्थानीय निवासियों और पंप कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। नाराज लोगों ने पुलिस से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस की कई टीमें संदिग्ध मार्गों पर लगे अन्य कैमरों को खंगाल रही हैं और उज्जैन की ओर जाने वाले सभी संभावित रास्तों पर घेराबंदी की गई है। शहर में इस तरह की घटना ने पेट्रोल पंपों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रकाश/12 मार्च 2025