राज्य
12-Mar-2026
...


:: भावुक पत्र छोड़कर निकला किशोर, लिखा- मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूँ, मुझे खोजने की कोशिश न करना :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के कृष्णपुरा कॉलोनी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां स्वामी प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से गहराई तक प्रभावित एक 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर लापता हो गया है। किशोर के घर छोड़ने के पीछे का कारण सोशल मीडिया पर चल रहे आध्यात्मिक वीडियो और रील को माना जा रहा है। किशोर ने जाते समय परिवार के लिए एक पत्र छोड़ा है, जिसमें उसने घर छोड़ने की भावुक वजहें लिखी हैं। परिजनों द्वारा थाने में दी गई गुमशुदगी की रिपोर्ट के अनुसार, किशोर घर से निकलते समय एक नोट छोड़ गया। इसमें उसने लिखा, मां, पापा, भैया और दीदी, मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूँ। आप लोग मुझे खोजना मत और न ही रोना। इस पत्र में उसने अपने माता-पिता के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है। उसने एक दोस्त से लिए गए 500 रुपये का उल्लेख करते हुए पत्र में यह भी लिखा है कि उसके दोस्त के पैसे लौटा दिए जाएं। :: देहरादून जाने की कर रहा था प्लानिंग :: पुलिस जांच में पता चला है कि किशोर ने घर छोड़ने से पहले अपने मोबाइल पर देहरादून जाने वाली ट्रेनों की समय-सारणी गूगल पर सर्च की थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोर प्रेमानंद महाराज के आश्रम की ओर निकल गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोर की फोटो और अन्य दस्तावेज देहरादून पुलिस के साथ साझा कर उन्हें अलर्ट कर दिया है। :: पूजा-पाठ में बढ़ गई थी रुचि :: परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनने का आदी हो गया था। वह लगातार उनके वीडियो और रील देखता था। किशोर की दिनचर्या में भी काफी बदलाव आया था; वह रोजाना मंदिर जाने लगा था और घर पर भी अधिक समय पूजा-पाठ में बिताने लगा था। वह अक्सर महाराज के वचनों का ही जिक्र करता था। :: पुलिस की तलाश जारी :: पुलिस ने शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कोई और भी इस कदम में किशोर के साथ था। फिलहाल, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। समाज में बढ़ रहे डिजिटल कंटेंट और किशोरों के कोमल मन पर उसके प्रभाव को लेकर यह घटना एक गंभीर चेतावनी के रूप में उभरी है। प्रकाश/12 मार्च 2025