ज़रा हटके
13-Mar-2026
...


ब्रैंपटन,(ईएमएस)। कनाडा के ब्रैंपटन शहर से एक बेहद दिलचस्प और अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस वीडियो में एक शख्स अपने घर के ड्राइववे पर जमी बर्फ को हटाने के लिए किसी पारंपरिक फावड़े या स्नो ब्लोअर के बजाय लॉन मूवर (घास काटने वाली मशीन) का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति इलेक्ट्रिक या गैस से चलने वाले मूवर को बर्फ की पतली परत पर आगे-पीछे घुमा रहा है। आमतौर पर लॉन मूवर का उपयोग पार्कों, खेल के मैदानों और बगीचों में घास को एक समान ऊंचाई तक काटने के लिए किया जाता है ताकि घास घनी और स्वस्थ रहे। इसका उपयोग खरपतवार नियंत्रण और सूखी पत्तियों को साफ करने के लिए भी होता है। हालांकि, इस वीडियो में शख्स इसे बर्फ हटाने के यंत्र की तरह इस्तेमाल कर रहा है। जैसे ही मशीन के ब्लेड घूमते हैं, वे गीली बर्फ को पूरी तरह हटाने के बजाय आसपास बिखेर देते हैं। काफी देर की मशक्कत के बाद ड्राइववे से बर्फ कुछ हद तक साफ भी हो जाती है। इस वीडियो को पत्रकार क्रिस ब्रुनेट ने साझा किया है, जिसके बाद यह पूरे कनाडा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चर्चा का विषय बन गया। कई प्रभावशाली सोशल मीडिया अकाउंट्स और इन्फ्लुएंसर्स का दावा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति एक भारतीय अप्रवासी है, जो कड़ाके की ठंड में अपने देसी जुगाड़ से काम आसान करने की कोशिश कर रहा है। लोग इस रचनात्मकता और मेहनत की काफी सराहना कर रहे हैं। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि बर्फ हटाने के लिए लॉन मूवर का इस्तेमाल मशीन के ब्लेड और इंजन को नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन इस शख्स के अनूठे अंदाज ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया है। वीरेंद्र/ईएमएस 13 मार्च 2026