खेल
13-Mar-2026
...


अहमदाबाद (ईएसएस)। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज विजय दहिया को अपना नया सहायक कोच बनाया है। दहिया कोच के तौर पर काफी सफल रहे हैं। वह दो बार की खिताब विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) में भी सहायक कोच रहे है। इसके अलावा उनके कोच रहते ही दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी खिताब भी जीता था। अब देखना है कि गुजरात को दहिया से कितना लाभ मिलता है। इससे पहले टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को बल्लेबाजी कोच नियुक्त था। ऐसे में दहिया को उनके साथ मिलकर टीम की बल्लेबाजी को निखारना होगा। गुजरात टाइटंस को उम्मीद है कि दाहिया के होने से टीम का कोचिंग स्टाफ और बेहतर तरीके से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर पायेगा। दहिया ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय के साथ ही दो टेस्ट मैच भारतीय टीम की ओर से खेले हैं। खेल से संन्यास के बाद वह कोच के तौर पर घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के साथ जुड़े रहे हैं। दहिया के कोच रहते ही साल 2007-08 सत्र में दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी खिताब जीता और उसके बाद से वह कई अन्य घरेलू और आईपीएल टीम के भी कोच रहे हैं। गुजरात की टीम आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम में से एक हैं। वह अपने शुरुआती चार सत्र में से तीन में प्ले ऑफ में पहुंची और उसने एक बार खिताब भी जीता है। दहिया से पहले गुजरात ने हेडन को बल्लेबाजी कोच बनाया है जिसका भी लाभ टीम को मिलेगा। हेडन एक बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं। उन्हें टी20 में बल्लेबाजी का व्यापक अनुभव है और वह इसकी बारीकियों को समझते हैं। गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा, हेडन की नियुक्ति हमारे सफर के महत्वपूर्ण मोड़ पर की गई है। शीर्ष स्तर पर उनका अनुभव और उभरती प्रतिभाओं को मार्गदर्शन देने की उनकी क्षमता आगामी सत्र में हमारे लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। वहीं हेडन ने कहा, अच्छी बल्लेबाजी दबाव बनाती है। शानदार बल्लेबाजी खेल पर अपना दबदबा बनाती है। गुजरात टाइटंस में हम यही मानक स्थापित करना चाहते हैं। हेडन ने बल्लेबाजी के प्रति अपने आक्रामक रवैये और तकनीकी रूप से मजबूत शैली से सीमित ओवरों की क्रिकेट में पावरप्ले में दबदबा बनाने की शुरुआत की थी। गिरजा/ईएमएस 13 मार्च 2026