व्यापार
13-Mar-2026
...


- सेंसेक्स 900 अंक टूटा, निफ्टी 23400 के नीचे फिसला मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर दिखाई दिया। विशेष रूप से इरान और यूनाईटेड स्टेट के बीच संभावित लंबे संघर्ष की आशंकाओं ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिला। सप्ताह के अंतिम कारोबारी सत्र में प्रमुख सूचकांकों में शुरुआत से ही दबाव रहा। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 75,444 अंक पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 76,034 अंक पर बंद हुआ था। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 588.06 अंक की गिरावट के साथ 75,446.36 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया। इसी तरह ‎निफ्टी 50 भी गिरावट के साथ 23,462 अंक पर खुला। सुबह शुरुआत के बाद यह 216.35 अंक की कमजोरी के साथ लगभग 23,422 अंक पर कारोबार कर रहा था। विश्लेषकों के अनुसार बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली भी है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। सेक्टोरल स्तर पर मेटल, आईटी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा बिकवाली देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर नकारात्मक असर पड़ा। इस बीच मोजतबा खामनेई ने अपने एक बयान में स्ट्रेट आफ होर्मुज को बंद रखने की बात कही है, जिसे दुश्मन देशों पर दबाव बनाने के लिए एक रणनीतिक कदम बताया गया है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए इससे जुड़ी किसी भी अनिश्चितता का असर दुनिया भर के वित्तीय बाजारों पर पड़ सकता है। सतीश मोरे/13मार्च ---