क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


- 8 जिलों में दे रहे सेवाएं - जिले में 1500 जवान तैनात कोरबा (ईएमएस) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का 57वां स्थापना दिवस समारोह कोरबा के गेवरा स्थित सीआईएसएफ परेड ग्राउंड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सीएमडी श्री दुहन ने कहा कि सीआईएसएफ का स्थापना दिवस पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने बताया कि देश के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ के कंधों पर है, जिसे बल पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभा रहा है। उन्होंने सीआईएसएफ की तुलना देश की सीमाओं पर तैनात सेना से की, जो औद्योगिक संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करती है। कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक निर्विकार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बल का मुख्य उद्देश्य देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने सीआईएसएफ को राष्ट्र की आर्थिक प्रगति का वाहक बताया। - राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ का योगदान अहम उप महानिरीक्षक श्री निर्विकार ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, और इस दिशा में सीआईएसएफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने एसईसीएल जैसे बड़े औद्योगिक संस्थानों के साथ मिलकर राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा को मजबूत करने में सीआईएसएफ की अहम भूमिका पर जोर दिया। समारोह में सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट डॉ. नागेंद्र कुमार झा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस दौरान सीआईएसएफ जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट और परेड का प्रदर्शन किया। सुरक्षा से संबंधित डेमो भी प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सराहना की। उप महानिरीक्षक श्री निर्विकार ने जानकारी देते हुए बताया कि गेवरा में सीआईएसएफ के 1500 जवान तैनात हैं। बल छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुल आठ जिलों में अपनी सेवाएं दे रहा है, जिनमें छत्तीसगढ़ के पांच और मध्य प्रदेश के तीन जिले शामिल हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में रायगढ़ और कुसमुंडा में सीआईएसएफ की तैनाती बढ़ाई जाएगी। बल का मुख्य ध्यान औद्योगिक क्षेत्रों में देश के विकास और सुरक्षा को मजबूत करने पर केंद्रित है। 13 मार्च / मित्तल