-किरन रिजिजू का कांग्रेस पर हमला— नेता भी नहीं सुधर रहे, पूरी पार्टी बिगड़ गई नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में शुक्रवार को भी विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। शुरुआत में ही स्थगित हुई कार्यवाही जब दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। कई सांसद अपने साथ खाने-पीने का सामान लेकर सदन में पहुंचे और लगातार विरोध जताते रहे। बढ़ते शोर-शराबे के बीच कार्यवाही चलाना मुश्किल हुआ और अंततः लोकसभा कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। हंगामे के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेता भी नहीं सुधर रहे हैं और उनके साथ पूरी पार्टी का रवैया बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार संसद की गरिमा को शर्मसार कर रहा है। यहां रिजिजू ने कहा, कि सदन में आज प्राइवेट मेंबर्स बिल का समय भी है और विपक्ष को अपने मुद्दे उसी दौरान उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सिर्फ नकारात्मक राजनीति कर रहा है और जनता सब देख रही है। उनके मुताबिक जनता ऐसे व्यवहार के लिए विपक्ष को कड़ी सजा देगी और इसी वजह से वे सत्ता में नहीं आ पाएंगे। सदन की कार्यवाही के दौरान पीठासीन अधिकारी संध्या रे ने विपक्षी सदस्यों से बार-बार अपील की कि वे अपनी सीटों पर लौट जाएं और सदन को चलने दें। लेकिन उनकी अपील का भी विपक्षी सांसदों पर कोई असर होता हुआ दिखाई नहीं दिया और नारेबाजी जारी रही। हंगामे की स्थिति को देखते हुए सरकार की ओर से भी सदन को सुचारू रूप से चलाने की अपील की गई, लेकिन माहौल शांत नहीं हुआ। आखिरकार पीठासीन अधिकारी को कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। हिदायत/ईएमएस 13मार्च26