भारत अमेरिका का सबसे करीब दोस्त और कारोबारी पार्टनर नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर शुक्रवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने भारत और अमेरिका के मजबूत रिश्तों पर जोर देकर कहा कि आज की दुनिया में दोनों देशों की दोस्ती बहुत जरूरी है। अमेरिकी राजदूत गोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत तालमेल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में निर्णायक भूमिका निभाई है। गोर ने महज दो महीने पहले अमेरिकी दूत के रूप में कार्यभार संभाला है, शुरुआत में ही साफ किया कि मोदी और ट्रंप ही वे दो एकमात्र डीलमेकर थे, जिन्होंने इस व्यापार समझौते को सफलता की दहलीज तक पहुंचाया। सर्जियो ने कहा कि ट्रंप के प्रशासन के दौरान भारत-यूएस संबंध और मजबूत हुए हैं, ट्रेड डील पर बात कर उन्होंने भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अमेरिका का सबसे महत्वपूर्ण और विश्वसनीय पार्टनर बताया। इस मौके पर अमेरिकी राजदूत गोर ने महत्वपूर्ण घोषणा की, उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका क्रिटिकल मिनरल्स पर एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के बेहद करीब हैं। यह प्रगति दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के ढांचे पर बनी सहमति के ठीक कुछ दिनों बाद देखने को मिली है। बात दें कि गोर इस समय भारत में अमेरिका के राजदूत के रूप में काम कर रहे हैं। इसके अलावा, ट्रंप ने उन्हें दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत नियुक्त किया है। इसके पहले गोर व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति के सहायक और डायरेक्टर ऑफ प्रेसिडेंशियल पर्सनेल के पद पर थे। उनके नेतृत्व में पूरे संघीय सरकार में हजारों राजनीतिक नियुक्तियां रिकॉर्ड समय में की गईं। व्हाइट हाउस से पहले, गोर ने ट्रंप जूनियर के साथ मिलकर विनिंग टीम पब्लिशिंग की स्थापना की थी। यह अमेरिका के प्रमुख कंजरवेटिव प्रकाशन संस्थानों में से एक है। इसी प्रकाशन ने राष्ट्रपति ट्रंप की बेस्टसेलर किताबें प्रकाशित कीं! गोर ने जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रीय राजनीति में लंबे समय तक काम किया है। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026