-एलपीजी संकट के बीच साइबर ठग हुए सक्रिय भेज रहे मैसेज, पुलिस ने किया अलर्ट नई दिल्ली,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट जंग का असर भारत में एलपीजी संकट के रूप में देखने को मिल रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हो रहा है। वहीं, घरेलू सिलेंडर के लिए भी मारामारी देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए कई शहरों में एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं तो कहीं बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। इस बीच मौके का फायदा उठाने के लिए साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने अलर्ट जारी किया है कि अगर आपके पास भी गैस एजेंसी के नाम से सिलेंडर बुकिंग को लेकर कोई कॉल या मैसेज आए तो सावधान रहें। एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से लोग घबराकर एजेंसियों पर लाइन लगाकर सिलेंडर बुक करवा रहे हैं या जल्दी डिलीवरी के चक्कर में ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं। इस बीच साइबर ठग भी लोगों को फंसाने का नया तरीका अपना सकते हैं। पुलिस ने अपने एक्स अकाउंट पर लोगों को सतर्क किया है। पुलिस का कहना है कि ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन भी करते हैं। वे कहते हैं कि ईरान में युद्ध या सप्लाई चेन की समस्या से गैस की भारी कमी आने वाली है, इसलिए जल्दी बुकिंग कर लें। रिपोर्ट के मुताबिक ठग फर्जी मैसेज या व्हाट्सएप लिंक भी भेजते हैं। इनमें लिखा होता है- जल्दी सिलेंडर बुक करें, वरना स्टॉक खत्म हो जाएगा या तुरंत डिलीवरी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें या एडवांस पेमेंट करके अपना सिलेंडर बुक करें। लिंक पर क्लिक करने पर फर्जी वेबसाइट खुल जाती है। वहां बैंक डिटेल्स, कार्ड नंबर, ओटीपी या यूपीआई से पेमेंट मांगा जाता है। पैसे देने के बाद सिलेंडर कभी नहीं आता और ठग बैंक खाता खाली कर भाग जाते हैं। बता दें सरकार और तेल कंपनियां लगातार कह रही हैं कि घरेलू सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और डिलीवरी 2-3 दिनों में ही हो रही है। दिल्ली पुलिस ने सलाह दी है कि सिलेंडर हमेशा आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या आईवीआरएस नंबर से ही बुक करें। किसी अनजान मैसेज, लिंक या कॉल पर भरोसा न करें। अगर साइबर ठगी से संबंधित मामला सामने आए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करें। सिराज/ईएमएस 13मार्च26