- गांधीनगर के नए विधायक आवास से योग बोर्ड ने राज्यभर में योगमय वातावरण बनाने का अभियान किया प्रारंभ गांधीनगर (ईएमएस)| विश्वभर में योग की शक्ति का परिचय कराने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ के समक्ष ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे दुनिया के अनेक देशों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में घोषित किया। इसी परंपरा के अंतर्गत वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 100 दिन पूर्व से राज्य में योगमय वातावरण बनाने के उद्देश्य से गुजरात राज्य योग बोर्ड द्वारा एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के मार्गदर्शन में इस अभियान का शुभारंभ गांधीनगर स्थित नए विधायक आवास में किया गया। गुजरात राज्य योग बोर्ड के चेयरमैन योगसेवक शीशपालजी के नेतृत्व में तथा राज्य के सभी विधायकों की प्रेरक उपस्थिति में यहां ‘कर्टन रेज़र’ कार्यक्रम के साथ 100 दिन के काउंटडाउन का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ के अभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है, जिसे राज्य के अंतिम छोर के गांवों तक पहुंचाना बोर्ड का संकल्प है। कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद अब गुजरात राज्य योग बोर्ड और उसकी टीम द्वारा आगामी 100 दिनों तक राज्य के सभी जिलों और विभिन्न तालुका मुख्यालयों में योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से 21 जून से पहले पूरे राज्य में योग का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को इस प्राचीन भारतीय संस्कृति से जोड़ा जाएगा। “एक कदम योगमय विधानसभा की ओर” के सूत्र के साथ आयोजित यह अभियान गुजरात को देश का सबसे स्वस्थ राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सतीश/13 मार्च