राज्य
13-Mar-2026


- महिलाओं का मोबाइल नंबर गोपनीय रहेगा भोपाल (ईएमएस)। बीएसएनएल भले ही दूसरी मोबाइल कंपनियों से पीछे हो, लेकिन अब एक नई सुविधा के साथ वह महिलाओं के बीच अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रहा है। बीएसएनएल ने कवच नाम से एक स्कीम लांच की है, जिसमें महिलाओं को अपना पर्सनल मोबाइल शेयर नहीं करना होगा। इसके बजाय उसे 10 अंकों का एक दूसरा नंबर दिया जाएगा, जो मोबाइल नंबर से अटैच होगा। यह सुविधा अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। आमतौर पर महिलाओं को अपने नंबरों की प्राइवेसी की चिंता होती है या फिर महिलाओं के मोबाइल नंबरों का कई लोग गलत उपयोग करते हैं। इन सबसे बचाने के लिए बीएसएनएल ने कवच नाम से नई सुविधा शुरू की है, जिसमें महिलाओं की प्राइवेसी बनी रहेगी। टेलीकॉम एडवाइजरी कमेटी के वरिष्ठ सदस्य राम मूंदड़ा ने बताया कि खासकर महिलाओं की प्राइवेसी की सुरक्षा के लिए शुरू की गई इस सेवा के अंतर्गत महिलाओं को 10 अंकों का एक अस्थायी नंबर बीएसएनएल द्वारा प्रदान किया जाएगा, जो कि उपभोक्ता के मुख्य नंबर से लिंक होगा। जहां कहीं महिलाएं अपना नंबर शेयर करने में असहज हों, वे इस अस्थायी नंबर को शेयर कर सकती हैं। इस नंबर पर किसी तरह के एसएमएस या कॉल नहीं की जा सकेगी। इस सेवा की एक विशेषता यह होगी कि रिचार्ज करने के लिए भी महिला को अपना मूल नंबर बताने की जरूरत नहीं होगी। नए अस्थायी नंबर पर रिचार्ज करवाने से यूजर का मुख्य नंबर स्वत: रिचार्ज हो जाएगा। मूंदडा ने बताया कि महिलाओं के लिए यह सेवा वरदान बनेगी। कोई अन्य कंपनी भी यह सेवा नहीं दे रही है। इंदौर में यह सेवा अगले हफ्ते से प्रारंभ होगी। इसके बाद महिलाओं को अपने नंबर की प्राइवेसी बनाए रखने में मदद मिलेगी। विनोद / 13 मार्च 26