नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में हज 2026 की पवित्र यात्रा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रामलीला मैदान में हज कैंप की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया। हज 2026 की पवित्र यात्रा को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकाल को छह माह का विस्तार मिलने के बाद 12 मार्च को विस्तारित कमेटी की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें हज यात्रियों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रामलीला मैदान में हज कैंप की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया। दिल्ली सरकार के 9 मार्च को जारी राजपत्र (असाधारण) के माध्यम से दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकाल को आगामी छह माह के लिए बढ़ाया गया है। इसी विस्तार के बाद 12 मार्च को विस्तारित हज कमेटी की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें हज 2026 की तैयारियों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, मेंबर नाजिया दानिश (निगम पार्षद), मेंबर मोहम्मद साद, हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी और उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली ने भाग लिया। बैठक के दौरान हज यात्रियों की सुविधा, प्रस्थान व्यवस्था और कैंप संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। हज व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए राजस्व विभाग दिल्ली सरकार (मुख्यालय) के उपायुक्त एवं मध्य जिला के डीएम जी। सुधाकर के नेतृत्व में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार विभाग, दिल्ली पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त निरीक्षण के दौरान सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हज यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जाएं। अधिकारियों को कहा गया कि रामलीला मैदान में हज कैंप से संबंधित सभी व्यवस्थाएं आगामी अप्रैल के पहले सप्ताह तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/मार्च/2026