- सूर्य कुंभ राशि को छोडक़र मीन राशि में प्रवेश करेगा भोपाल (ईएमएस)। आज मध्यरात्रि से सूर्य के मीन राशि में प्रवेश के साथ मलमास की शुरुआत होगी। यह अवधि 14 अप्रैल सुबह 9:30 बजे तक रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस एक माह के दौरान विवाह, यज्ञोपवित, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे। ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डिब्बेवाला के अनुसार 14 मार्च की रात 11:59 बजे सूर्य कुंभ राशि को छोडक़र मीन राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य के इस गोचर को मीन संक्रांति कहा जाता है। सूर्य लगभग एक माह तक मीन राशि में रहेंगे और इसी अवधि को मलमास माना जाता है। धर्मशास्त्रों के अनुसार मीन संक्रांति के दौरान विवाह, यज्ञोपवित, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। इस अवधि में देवी-देवताओं की उपासना, भागवत पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने की परंपरा है। ग्रहों की युति से बनेगी त्रिग्रही स्थिति सूर्य के मीन राशि में प्रवेश के समय शुक्र और शनि पहले से मौजूद रहेंगे। इससे कुछ समय के लिए त्रिग्रही युति बनेगी। इसके बाद सूर्य और शनि की युति कुछ दिनों तक प्रभाव में रहेगी, जिसका असर अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाई देने की संभावना जताई गई है। मलमास के दौरान मनाई जाएगी चैत्र नवरात्रि इस अवधि में 19 मार्च से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि का पर्व भी मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यता के अनुसार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक नौ दिनों तक देवी की साधना और उपासना की जाती है। विनोद / 13 मार्च 26