खेल
14-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट को अक्सर ‘जेंटलमैन गेम’ कहा जाता है, लेकिन ढाका के शेर-ए-बंगाल नेशनल स्टेडियम में वाग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में घटी एक घटना ने खेल भावना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बांग्लादेश के कप्तान मेंहदी हसन मिर्जा की विवादित चाल के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आग का गुस्सा मैदान पर फूट पड़ा और मैच का माहौल अचानक बेहद तनावपूर्ण हो गया। यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई। उस समय गेंदबाजी मेहदी हसन मिराज कर रहे थे और स्ट्राइक पर मोहम्मद रिजवान मौजूद थे। ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने शॉट खेला, जो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा के बल्ले से टकरा गई। इसी दौरान मिराज और आगा के बीच हल्की टक्कर भी हो गई। इसके बाद मैदान पर जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। सलमान आगा को लगा कि गेंद ‘डेड’ हो चुकी है। खेल भावना का परिचय देते हुए उन्होंने गेंद उठाई और उसे गेंदबाज मिराज को वापस देने की कोशिश की। लेकिन मिराज ने अचानक उनके हाथ से गेंद लेकर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर बेल्स गिरा दीं और रनआउट की अपील कर दी। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने मैदान पर विवाद खड़ा कर दिया। इस फैसले से सलमान आगा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मैदान पर ही अपना हेलमेट और ग्लव्स पटक दिए और मिराज तथा विकेटकीपर लिटन दास से तीखी बहस करने लगे। आगा का कहना था कि वह रन लेने की कोशिश नहीं कर रहे थे, बल्कि केवल गेंद वापस कर रहे थे। मामला थर्ड अंपायर तनवीर अहमद के पास पहुंचा। नियमों के अनुसार जब तक गेंद को आधिकारिक रूप से डेड घोषित नहीं किया जाता, तब तक बल्लेबाज को रनआउट दिया जा सकता है। इसी आधार पर अंपायर ने आगा को आउट करार दिया। आउट दिए जाने के बाद भी आगा का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पवेलियन लौटते समय उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लेकर नाराजगी जताई और कई बार तीखी टिप्पणियां कीं। स्थिति को संभालने के लिए मोहम्मद रिजवान को बीच-बचाव करना पड़ा, जिन्होंने लिटन दास को शांत रहने का इशारा किया और विवाद को आगे बढ़ने से रोका। इस विवाद का असर मैच पर भी साफ दिखाई दिया। उस समय पाकिस्तान का स्कोर 38.3 ओवर में तीन विकेट पर 231 रन था और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। लेकिन इस घटना के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों का ध्यान भटक गया और अगले कुछ ओवरों में टीम ने तेजी से विकेट गंवा दिए। महज 23 गेंदों के भीतर पाकिस्तान ने अपने चार अहम विकेट खो दिए और पारी की रफ्तार अचानक थम गई, जिससे मैच का रुख भी बदल गया। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026