नई दिल्ली (ईएमएस)। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने स्क्वॉड में शामिल कर लिया है। मुजरबानी को टीम में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर जगह दी गई है। उन्हें बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्फ्जुर रहमान की जगह टीम में शामिल किया गया है। देश में हुए विवाद के बाद कोलकाता फ्रेंचाइजी ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। हालांकि मुजरबानी को टीम में शामिल करने के फैसले के बाद पाकिस्तान में नया विवाद खड़ा हो गया है और अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने से पहले मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग की टीम इस्लामाबाद यूनाईटेड ने अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। उन्हें वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसफ के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में जगह मिली थी। लेकिन जैसे ही कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से उन्हें आईपीएल खेलने का प्रस्ताव मिला, वह इसे ठुकरा नहीं पाए और पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल खेलने का फैसला कर लिया। इसी फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज बताया जा रहा है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पाकिस्तान सुपर लीग की बजाय आईपीएल को प्राथमिकता दी हो। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। पिछले साल उन्हें पेशावर ज़ल्मी ने ‘डायमंड पिक’ के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन बाद में वह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल में खेलने पहुंच गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब 29 वर्षीय मुजरबानी के खिलाफ कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है। ब्लेसिंग मुजरबानी हाल के वर्षों में जिम्बाब्वे के सबसे प्रभावशाली तेज गेंदबाजों में से एक बनकर उभरे हैं। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए आईसीसी टी20 विश्वकप में अपनी तेज और सटीक गेंदबाजी से खासा प्रभाव छोड़ा था। टूर्नामेंट में उन्होंने छह मैचों में 13 विकेट हासिल किए और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में उनके चार विकेट की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम को बड़ी सफलता मिली थी और टीम सुपर-8 चरण तक पहुंचने में कामयाब रही थी। अब कोलकाता नाइट राइडर्स को उम्मीद है कि मुजरबानी आईपीएल में भी इसी तरह का दमदार प्रदर्शन कर टीम की गेंदबाजी को मजबूती देंगे। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026