खेल
14-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। अपनी फिरकी से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को चकमा देने वाले भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव अब अपनी जिंदगी की नई और खूबसूरत पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। शादी से पहले शुरू हुई रस्मों में जश्न का माहौल देखने को मिला, खासकर तब जब उनके करीबी दोस्त और साथी स्पिनर युजवेन्द्र चहल देहरादून पहुंचकर हल्दी समारोह में शामिल हुए। दोनों की जोड़ी, जिसे फैंस प्यार से ‘कुल्चा’ कहते हैं, ने डांस और मस्ती से समारोह को यादगार बना दिया। देहरादून पहुंचने के बाद युजवेंद्र चहल ने मीडिया से बातचीत में अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपने दोस्त की शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इस मौके पर खूब डांस और मस्ती करेंगे। चहल ने अपने इस वादे को निभाया भी। हल्दी समारोह से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में कुलदीप और चहल को एक साथ जमकर डांस करते देखा गया। मैदान पर विकेट का जश्न मनाने वाली यह जोड़ी निजी जीवन के इस खास मौके पर भी पूरे उत्साह के साथ नजर आई, जिसे देखकर फैंस भी काफी खुश हैं। कुलदीप यादव और वंशिका की शादी उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में होगी। समारोह का आयोजन ऐतिहासिक होटल वेलकम होटल सेवॉय में रखा गया है, जो अपनी शाही विरासत और शानदार माहौल के लिए जाना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने पिछले साल जून में लखनऊ में एक निजी समारोह में सगाई की थी। सगाई की तरह ही शादी को भी बेहद निजी रखा गया है, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे। हालांकि इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां भी नजर आ सकती हैं। विश्व कप की ऐतिहासिक जीत और अब शादी का यह शुभ अवसर कुलदीप यादव के जीवन के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गया है। क्रिकेट फैंस और पूरा देश उन्हें इस नई पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहा है। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026