सरगुजा(ईएमएस)। प्रदेश रसोइया विकास महासंघ के बैनर तले अंबिकापुर के रसोइयों ने लुण्ड्रा में धरना प्रदर्शन कर रैली निकाली और प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में रसोइयों को मात्र 2 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो प्रतिदिन लगभग 66 रुपये के बराबर है। उनका कहना है कि इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल है। रसोइयों ने मानदेय में पर्याप्त वृद्धि करने और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। संघ के संरक्षक मुकेश गोस्वामी ने कहा कि यह आंदोलन रसोइयों के सम्मान और उनके अधिकारों की लड़ाई है। प्रदर्शन के बाद संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहर में रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।