क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जशपुर वनमंडल के अंतर्गत वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। बगीचा वन परिक्षेत्र में अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया है। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि बगीचा परिक्षेत्र के रेंगले परिसर (कक्ष क्रमांक पी-1379, ग्राम बेंद) में जेसीबी के माध्यम से वनभूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीएफओ शशि कुमार के मार्गदर्शन और वन रेंजर यशस्वी मौर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। वन विभाग की टीम के पहुंचने की भनक लगते ही जेसीबी चालक ने काम बंद कर मशीन को हटाकर रंगपुर निवासी हेमंत राम के घर के पास छिपाने का प्रयास किया। हालांकि टीम ने घेराबंदी कर जेसीबी को बरामद कर जब्त कर लिया। विभागीय निरीक्षण में पाया गया कि लगभग 0.178 हेक्टेयर वनभूमि पर अवैध खनन किया गया है, जिससे प्राकृतिक संरचना और स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंचा है। पूछताछ के दौरान वाहन चालक रूपेश यादव, रमेश यादव, अखिलेश यादव, पितांबर यादव और रामजी यादव के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त जेसीबी का मालिक मिथलेश यादव (गुम्हारकोना) है और उसी के निर्देश पर अवैध खनन कराया जा रहा था। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026