क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के सिंगीबहार से कछुआ कानी मुख्य मार्ग पर स्थित जर्जर पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। लंबे समय से पुल की खराब स्थिति के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा था। अब बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के निर्देश पर संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। जानकारी के अनुसार सिंगीबहार–कछुआ कानी मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रास्ता है, जो छत्तीसगढ़ को पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। पुल जर्जर होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, मजदूरों और अन्य यात्रियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मामले की जानकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक पहुंचने के बाद अधिकारियों को तत्काल पुल निर्माण के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों और राहगीरों ने विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि पुल बनने के बाद क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ व्यापार और विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी।