खेल
14-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के पहले चरण का शेड्यूल जारी हो चुका है और टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। उद्घाटन मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। हालांकि सीजन शुरू होने से पहले आरसीबी को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड अभी भी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में उनका पहले मुकाबले में खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि हेजलवुड को अभी तक टीम के फिजियो की ओर से मैदान पर उतरने की अनुमति नहीं मिली है। पिछले कुछ महीनों से वह लगातार चोटों से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया में हैं। इसी वजह से उनके शुरुआती कुछ मुकाबलों से भी बाहर रहने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि हेजलवुड ने नवंबर में न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया के बीच खेले गए शेफील्ड शील्ड मैच के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। इसके बाद उन्हें 2025-26 की द एशेज सीरीज से भी बाहर कर दिया गया था। बाद में उन्हें आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले उन्हें पिंडली में चोट लग गई, जिसके कारण वह आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच से भी बाहर हो गए। हेजलवुड की अनुपस्थिति में टीम में बदलाव भी देखने को मिला। ऑस्ट्रेलियाई टीम में उनकी जगह स्टीव स्मिथ को शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल सके। टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। कुल मिलाकर पिछले कुछ महीनों में हेजलवुड हैमस्ट्रिंग, अकिलीज और पिंडली की समस्याओं से परेशान रहे हैं। यही वजह है कि उनकी फिटनेस को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। फिलहाल वह फिजियो की निगरानी में हैं और आईपीएल में उनकी वापसी इस बात पर निर्भर करेगी कि उन्हें मेडिकल टीम से कब हरी झंडी मिलती है। रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी के लिए हेजलवुड की मौजूदगी बेहद अहम मानी जा रही है। फ्रेंचाइजी के एक सूत्र ने बताया कि पिछले सीजन में टीम की ऐतिहासिक पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत में हेजलवुड की गेंदबाजी का बड़ा योगदान था। हालांकि टीम के पास विदेशी तेज गेंदबाजों के रूप में जैकब डफी और जैकब डफी जैसे विकल्प मौजूद हैं, लेकिन अनुभव और प्रभाव के मामले में हेजलवुड की भूमिका अलग ही मानी जाती है। ऐसे में आरसीबी को उम्मीद है कि वह जल्द फिट होकर टीम से जुड़ पाएंगे। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026