क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- एजेंसी के सामने की नारेबाजी कांकेर(ईएमएस)। रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नया बस स्टैंड स्थित गैस एजेंसी के सामने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर शहर, कांकेर ग्रामीण और शहर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता गैस सिलेंडर और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और सप्लाई की कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यासीन कराणी ने कहा कि आम जनता गैस की बढ़ती कीमतों और सप्लाई की कमी से परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष लोमेंद्र यादव ने कहा कि एक तरफ गैस की सप्लाई कम हो रही है और दूसरी तरफ कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की दरों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन प्रभावित हो रहा है। शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भारती सलाम ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस की कीमतों में राहत नहीं दी और सप्लाई की समस्या का समाधान नहीं किया तो महिला कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर, सुनील गोस्वामी, मृदुला भास्कर, गोमती सलाम, अजय भासवानी, मनोज जैन, नीरा साहू, उदय शर्मा, मुकेश तिवारी, विनोद शोरी, इसहाक अहमद, सोमेश सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मार्च 2026